उन्नाव। कल्याणी मोहल्ले में चोरों ने स्टांप वेंडर के बद घर को निशाना बनाया और 5.70 लाख का माल पार कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य नेवरना गांव भंडारे में शामिल होने गए थे, घर में ताला बंद था। देर शाम पड़ोसी ने गेट खुला देखा तब पता चला। पुलिस ने जांच की है।
सदर कोतवाली के कल्याणी मोहल्ला निवासी अर्पित त्रिवेदी कलक्ट्रेट में स्टांप वेंडर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका गांव अचलगंज थानाक्षेत्र के नेवरना गांव में है। सोमवार देर शाम वह परिवार के साथ मंगलवार को गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। घर पर ताला बंद था। बताया कि देर शाम पड़ोसी ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। इस पर हम लोग वहां से भागे और घर आए ताे देखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों में रखे मेरे और पत्नी के करीब पांच लाख के जेवर और 70 हजार रुपये भी गायब थे। यही नहीं घर के एक कोने में कागज भी जले पड़े हैं। इससे यह काम नशेबाजों का लग रहा है। चोरी की सूचना पर पुलिस ने जांच की है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि घटना की जांच की गई है। जल्द ही खुलास किया जाएगा।