फोटो-9- आग से झुलसे मवेशी व जानकारी लेते लेखपाल। संवाद
सफीपुर। मवेशियों के बाड़े में रखे छप्पर में संदिग्ध हालात में आग लग गई। अंदर बंधे दो भाइयों के 20 मवेशियों में से सात झुलस गए। परिजनों और मोहल्लेवासियों ने निजी संसाधन से आग बुझाई। एसडीएम और कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कस्बे के मोहल्ला गढ़ा-किलाबाजार निवासी वीरेंद्र और रामेंद्र के मवेशी घर के बाहर बने बाड़े में बंधे रहते हैं। सोमवार की सुबह चारा देने के बाद वीरेंद्र ने मवेशियों को छप्पर के नीचे बांध दिया। दोपहर करीब 12 बजे बाड़े के छप्पर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख पड़ोसी दौड़े और निजी संसाधन से आग पर काबू पाया। 20 मवेशियों में सात गंभीर रूप से झुलस गए। रामेंद्र ने बताया कि पशु चिकित्सा के लिए बने टोल फ्री नंबर 1962 पर सूचना दी। मौके पर एसडीएम शिवेंद्र वर्मा और लेखपाल विवेक सिंह ने नुकसान का आकलन किया। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि छप्पर के ऊपर से घरेलू बिजली लाइन निकली है, उसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका है।