फोटो-4- लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर खंती में पलटा पड़ा पीआरवी वाहन। संवाद
सफीपुर (उन्नाव)। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर ट्रक की टक्कर से पीआरवी खंती में पलट गई। इससे चालक और हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को मियागंज सीएचसी ले गई। डॉक्टर ने हेड कांस्टेबल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आसीवन थाना क्षेत्र में पीआरवी यूपी-32 डीजी 6809 सोमवार भोर थाना क्षेत्र के गांव वीरूगढ़ी ड्यूटी प्वाइंट पर गई थी। सुबह पांच बजे लौटते समय लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर रानीबाग के पास सामने से आ रहा ट्रक स्कार्पियो में टक्कर मारते हुए निकल गया। इससे पीआरवी खंती में पलट गई। हादसे में अयोध्या जिले के निवासी हेड कांस्टेबल रमेश (51) और औरास थानाक्षेत्र के गांव गलरापुर निवासी चालक सुनील कुमार (40) उसी में फंस गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने चालक और हेड कांस्टेबल को मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकलवाकर मियागंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। यूपी-112 प्रभारी अश्विनी मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले ट्रक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।