औरास (उन्नाव)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लोधाटीकुर गांव के पास डीसीएम का टायर फटने से पीछे से आ रहे लोडर सहित चार वाहन उसमें भिड़ गए। घटना में तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
फिरोजाबाद जिले के थाना जसराना निवासी उपेंद्र (35) डीसीएम लेकर दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर औरास थानाक्षेत्र के लोधाटीकुर गांव के पास रात दो बजे पहुंचे थे तभी डीसीएम का अगला दायीं ओर का टायर फट गया। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से टकराकर खड़ी हो गई। डीसीएम में लोडर भिड़ने से गोभी लादकर बहराइच जा रहे फिरोजाबाद निवासी संतोष (28) घायल हो गए। तभी एक कार भी भिड़ गई। इससे चालक आजमगढ़ के थाना पुवाई के कालीपुर निवासी नूरअहमद (35), उनकी पत्नी अमीना (32), बेटा अमन (9) बेटी इशिका (6) घायल हो गईं। सभी चंडीगढ़ से पैतृक गांव आजमगढ़ जा रहे थे। पुलिस और यूपीडा की एंबुलेंस से सभी को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया घायलों को लखनऊ में इलाज चल रहा है।