नवाबगंज। अजगैन-मोहान मार्ग से एक किलोमीटर दूर खेतों में हाईटेंशन लाइन के टॉवर से शनिवार की सुबह युवक का शव गमछे के फंदे से लटका मिला। जांच कर रही पुलिस को खंभे के एंगल में मिट्टी से कुछ बातें और दो मोबाइल नंबर लिखे मिले। इसमें युवक ने परिवार के लोगों से परेशान बताया है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के उलरापुर गांव निवासी यशपाल ने बताया कि चचेरे भाई अंकित (22) पुत्र सूरजपाल की करीब 10 साल पहले खेत में काम करते समय गेहूं की बाली लगने से एक आंख खराब हो गई थी। अंकित बृहस्पतिवार की सुबह दुकान से मोबाइल उठाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। बाद में उसका शव लटका होने की जानकारी मिली। वह दो भाइयों में सुमित पाल से बड़ा और अविवाहित था। छोटी बहन माया है। यशपाल ने बताया कि अंकित की मां की 2007 में आग लगने से मौत हो गई थी। उस घटना में पिता सूरजपाल को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
डेढ़ साल पहले सजा खत्म होने के बाद पिता जेल से रिहा होकर आए थे। इस दौरान अंकित खेती के साथ भैंस पालन का काम करता था। पिता के आने के बाद अंकित और भाई प्राइवेट कंपनी में काम करने लगे। जांच करने पहुंचे एसआई मो. कल्लन ने बताया कि खंभे पर भाई का फोन नंबर मिट्टी से लिखा था। परिवार पर भी प्रताड़ना की बात लिखी है। लिखावट स्पष्ट न होने से ज्यादा समझ में नहीं आया। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि खंभे पर जो मिट्टी से लिखा है, वह अधिक समझ में नहीं आ रहा है। उसकी भी जांच कराई जाएगी।
फोटो-22- अंकित पाल (फाइल फोटो)