सफीपुर। बाकरगंज मोहल्ले की 55 वर्षीय फूलदुलारी का शव घर से पांच किलोमीटर दूर बाग में मिला है। वह तीन दिन से लापता थीं। नाक से खून निकलने के कारण चोट से मौत का अंदेशा जताया जा रहा है।
फूलदुलारी 19 अप्रैल की शाम घर से बिना बताए निकली थीं और नहीं लौटीं। बेटे दिनेश ने बताया कि मां शराब की लती थीं और अक्सर गुस्सा होकर घर से चली जाती थीं। मंगलवार सुबह निहालपुर मार्ग किनारे अविनाश गौड़ के बाग में उनका शव मिला। शव के पास डंडा, हवाई चप्पल, डिस्पोजल गिलास और शराब का खाली पाउच मिला। एएसपी दक्षिणी शैलेंद्र सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस संचित शर्मा, सीओ सोनम सिंह और कोतवाल एसएन त्रिपाठी ने फॉरेंसिक टीम से जांच कराई। नाक से खून निकला था पर शरीर पर अन्य चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस पता लगा रही है कि घटना के वक्त उनके साथ कौन था। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
पांच दिन पहले खरीदा था शराब का पाउच
शव के पास मिले शराब के पाउच के कोड से दुकान का पता चला है। जानकारी मिली कि यह पाउच पांच दिन पहले खरीदा गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शराब खरीदने वाले का पता लगा रही है।
मां ने दामाद पर लगाया हत्या का आरोप
फूलदुलारी का मायका अचलगंज थाना के हड़हा गांव में है। पोस्टमार्टम हाउस में मां गंगादुलारी ने दामाद (फूलदुलारी के पति) पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि दामाद बेटी को परेशान करता था जिससे वह शराब की लती हो गई थी। मां के अनुसार, 19 अप्रैल को बेटी का पति से विवाद हुआ था। बेटी कोतवाली जाने की बात कहकर घर से निकली थी और फिर नहीं लौटी।
प्रशिक्षु आईपीएस संचित शर्मा ने बताया कि बेटे दिनेश ने मां को शराब का लती बताया है। अभी तक किसी पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद अन्य सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।