फोटो-14- कार्यक्रम को संबोधित करते राज्य सभा सांसद संजय सेठ। संवाद
मौरावां। ब्लाॅक क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं में पढ़ाई के लिए लगाए गए प्रोजेक्टर, वाटर कूलर, लाइट और साउंड सिस्टम का राज्यसभा सांसद ने बीआरसी परिसर में बने स्कूल से लोकार्पण किया। उन्होंने इंडियन ऑयल कार्पोरेशन की इस पहल की सराहना की। इनपर करीब ढाई करोड़ रुपये का खर्च हुए हैं।
स्कूलों में अंधेरा न रहे, छात्र डिजिटल व्यवस्था से पढ़ाई करें इसके लिए हिलौली ब्लॉक के 182 स्कूलों में लाइट लगवाने के साथ 45 स्कूलों में प्रोजेक्टर और साउंड इंप्लीफायर लगवाए गए हैं। बीआरसी परिसर में बने स्कूल में लगे प्रोजेक्टर का लोकार्पण राज्यसभा सांसद संजय सेठ, नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक सेठ और बीएसए शैलेंद्र कुमार पांडेय ने किया। प्राथमिक स्कूल मुन्नाखेड़ा की छात्राओ रिया और स्नेहा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मौरावां आदर्श की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि छात्रों को शिक्षित करने में शिक्षकों का अहम योगदान होता है। अब स्मार्ट कक्षाएं हो जाने से निजी स्कूलों की तरह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी पढ़ाई करेंगे। कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड कंपनी ने ढाई करोड़ रुपये की लागत से इन सुविधाओं की सौगात दी है। शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चों का सर्वांगीण विकास करेंगे। डिजिटल शिक्षा के साथ छात्रों को आरओ का स्वच्छ पानी पीने को मिलेगा। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों को भी श्रेष्ठ शिक्षा का माध्यम बताया और मोदी सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
बीएसए शैलेंद्र कुमार पांडेय ने हिलौली ब्लॉक के विद्यालयों में मिली सुविधाओं की सराहना की और उन्होंने जिले की अन्य सभी ब्लॉकों में यह आवश्यक सुविधाओं के लिए सांसद से मांग की। इंडियन ऑयल कंपनी के निदेशक राजीव रंजन, मनोज कुमार शर्मा ने भी कंपनी की ओर से युवाओं और छात्रों के हित में किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की। बीईओ सुरेश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान वंदना कर्दम, उषा शुक्ला, सुनीता दीक्षित, नीरज कश्यप, अंजू अवस्थी, कमलेश यादव सहित शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी डीके मिश्रा ने किया।