पुरवा (उन्नाव)। दलीगढ़ी मोहल्ले में शुक्रवार की शाम नहर में डूबने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। घर से खेलने निकले बच्चे का शव करीब 800 मीटर दूर नहर में मिला। बच्चे की मौत से परिजन बेहाल हैं।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के दलीगढ़ी निवासी शशि का बेटा प्रियांशु शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे साथियों के साथ खेलने निकला था। खेलते हुए बच्चे नहर किनारे पहुंच गए। पैर फिसलने से प्रियांशु नहर में गिर गया। पास खड़े बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। जानकारी होते ही नहर में कूद कर बच्चे की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
काफी प्रयास के बाद डूबने वाले स्थान से करीब 500 दूर झाड़ी में फंसे प्रियांशु को निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां शशि व अन्य परिजन बेहाल हो हो गए। कार्यवाहक कोतवाल सियाराम चौरसिया ने बताया कि बच्चे की मौत नहर में डूबने से हुई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पति और एक बेटे की पहले ही हो चुकी है मौत
प्रियांशु की मां शशि ने पुलिस को बताया कि नौ साल पहले पति की बीमारी से मौत हो गई थी। तीन साल पहले एक और बेटे की टीबी से मौत हो चुकी है। प्रियांशु तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था और प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था।