फोटो-10- हरदोई-उन्नाव मार्ग पर एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के पास रखा गया डिवाइडर संकेतक। संवाद
गंजमुरादाबाद। हरदोई-उन्नाव मार्ग किनारे बने एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा के पास डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार की मौत हो गई। इस पर यूपीडा की नींद टूटी है। शनिवार को डिवाइडर पर संकेतक लगाने का काम शुरू कर दिया है।
बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव के जितेंद्र द्विवेदी दो दिन पहले गंजमुरादाबाद कस्बा निवासी बहनोई अजय तिवारी के घर मांगलिक कार्यक्रम में परिवार समेत आए थे। बृहस्पतिवार को कानपुर निवासी साथी चिराग के साथ बाइक से घूमने निकले थे। रात आठ बजे घर लौटते समय वाहन की टक्कर से बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी जिससे जितेंद्र की मौत हो गई थी। घटना का मुख्य कारण एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा के पास बने मध्य डिवाइडर पर संकेतक न लगा होना पाया गया था।
इसके बाद यूपीडा हरकत में आई और घटनास्थल के डिवाइडर पर प्लास्टिक का संकेतक लगाया है। इससे दुर्घटनाएं होने की आशंका कम हो जाएगी। डिवाइडर के दूसरी छोर पर अभी भी संकेतक नहीं लगाया गया है, इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी है। सुरक्षा अधिकारी एके चंदेल ने बताया कि टोल प्लाजा के पास दोनों ओर संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही दूसरे छोर पर भी संकेतक लगा दिया जाएगा।