पुरवा। कोतवाली परिसर में युवक को पीटने का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पद एसपी ने सीओ जांच सौंपी है। सोमवार को पुलिस ने कोतवाली पहुंच सीसीटीवी की डीबीआर कब्जे में ली है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी शुभम का रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह बता रहा था कि एक मामले में वह पुलिस के बुलाने पर कोतवाली गया तो वहां कोतवाल विरोधियों के साथ चाय-नाश्ता कर रहे थे। यह देख आपत्ति जताई तो एक आरक्षी ने जूतों से पिटाई कर दी। मोबाइल भी छीन लिया। गाली-गलौज करते हुए जाति सूचक अपशब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।
वीडियो वायरल होने के बाद एसपी जयप्रकाश सिंह ने सीओ तेज बहादुर सिंह को जांच सौंपी है। सीओ ने बताया कि कोतवाली पहुंच जांच की गई है। डीबीआर से फुटेज निकलवाया जा रहा है। उसी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।