सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बशीरतगंज के पास रविवार की रात मौरंग लदा डंपर पहिया पंक्चर होने से सड़क पर ही खड़ा हो गया था। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे डंपर के बगल से गुजर रहे ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में गिट्टी लदे दूसरे डंपर ने साइड से निकल रही एक कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवारों में चीख पुकार मच गई। हालांकि कार में सवार 13 लोग बाल-बाल बच गए।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कानपुर के लाल बंगला निवासी चालक अरशान, जशमीन और शहनाज ने बताया कि चचेरे भाई की शादी में शामिल होने हुसैनगंज जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से खड़े खराब डंपर और क्षतिग्रस्त कार के कारण हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से पंक्चर डंपर और क्षतिग्रस्त कार को हटवाया। इस दौरान यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और जाम खुलवाने में लगभग तीन घंटे लगे। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में केवल कार क्षतिग्रस्त हुई थी, कोई घायल नहीं हुआ। यह हादसा सड़क पर खराब वाहनों के खड़े होने के कारण हुआ, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हुई।