चकलवंशी (उन्नाव)। बरकोता ड्रेन में युवती का करीब 10 दिन पुराना सड़ा-गला शव पड़ा मिला। दुर्गंध आने पर लोगों ने पास जाकर देखा तब पता चला। पुलिस ने जांच की और शव को बाहर निकलवाकर पहचान का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। कपड़े अस्त-व्यस्त देख दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है।
माखी थानाक्षेत्र के कोरारी कला गांव के पास से बरकोता ड्रेन गंगा तक जाता है। बुधवार की दोपहर दो बजे चरवाहों ने कोरारी कला गांव के सामने करीब (22) साल की युवती का शव पानी के बीच झाड़ियों में फंसा देखा। ग्राम प्रधान के बेटे राधेश्याम ने पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया तो वह काफी सड़-गल चुका था। कपड़े भी अस्तव्यस्त थे। सिर पर बोरी लिपटी थी। हरे रंग की टी-शर्ट, काली चेकदार जैकेट पहने है, लैगी और अंडरवियर उतरी हुई है। जैकेट की जेब में चाभी का गुच्छा मिला है।
थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।