फोटो-1- पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद सतीश के परिजन। संवाद
उन्नाव। लालगंज-उन्नाव हाईवे पर मंगलवार की रात ललऊखेड़ा के पास दूध डेयरी के वाहन की टक्कर से बाइक सवार स्लाटरहाउस हाउस के दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लाई। डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर देखकर रेफर कर दिया। परिजन लखनऊ लेकर चले गए। वह हेलमेट लगाए थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जवाहरखेड़ा गांव निवासी सतीश (40) दही चौकी स्थित स्लाटर हाउस में नौकरी करते थे। वह ललऊखेड़ा निवासी साथी साहिल रावत (38) के साथ मंगलवार की सुबह स्लाटरहाउस हाउस में काम करने गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। बड़े भाई संतोष ने बताया कि गांव से पहले पड़ने वाली दुकान से सतीश ने सामान खरीदा और जैसे ही आगे बढ़े पीछे से दूध डेयरी के वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। साहिल का लखनऊ में इलाज चल रहा है। पति की मौत से पत्नी गीता और परिजन बेहाल हैं। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वाहन का पता लगाया जा रहा है।