औरास। संडीला-चकवलंशी मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार घायल हो गए, उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, एक को डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
आसीवन थानाक्षेत्र के पश्चिम मोहल्ला निवासी इमरान (30) पुत्र मुन्ना दिल्ली में प्राईवेट नौकरी करता था। सोमवार शाम को ही घर लौटा था। जरीजरदोजी के काम से वह औरास के सीसी गांव अपने ननिहाल जाबिर के घर जा रहा था। संडीला-चकवलंशी मार्ग पर सीसी चौराहे के पास रात 8:15 बजे सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। घटना में इमरान की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार लखनऊ के आलमबाग निवासी अशीष (21) पुत्र सुरेश और साथी प्रिंश (20) पुत्र इंद्रेश घायल हो गए। यह दोनों गोरिंदापुर गांव में लगा मेला देखकर लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। इमरान के मृत घोषित होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रिंस की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
बड़े भाई इरफान ने बताया कि इमरान पहले संडीला के सरवा गांव में रहने वाली मौसी के यहां गया था, वहां से मामा के घर जा रहा था। वह नौ भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। शादी हुई थी। लेकिन दो महीने पहले पत्नी छोड़कर बांगरमऊ के फत्तेपुर स्थित मायके चली गई थी। एक साल की बेटी नाबिया है। बेटे की मौत से मां हसीना और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दो लोग घायल हैं, एक को रेफर किया गया है।