अचलगंज। बैरागर गांव में सोमवार की शाम महिला का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह केरल की रहने वाली है। पांच साल पहले शादी करके यहां रह रही थी।
थानाक्षेत्र के बैरागर गांव निवासी अरविंद ने बताया कि वह पिता ज्ञानी के साथ सोमवार की दोपहर तालाब में मछली पकड़ने गया था। पत्नी आरती (25) घर में अकेली थी। शाम करीब पांच बजे लौटा तो देखा कमरे के अंदर पत्नी का शव साड़ी के फंदे से लटक रहा था। उसने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। महिला आरक्षी स्नेहलता की मदद से शव फंदे से नीचे उतारा गया।
एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने जांच की। पति ने बताया कि पांच साल पहले वह केरल नौकरी करने गया था। वहीं उसकी आरती से मुलाकात हुई थी और शादी कर उसे घर ले आया था, तब से साथ रह रही थी। कोई संतान नहीं थी। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि महिला का फंदे से शव लटका मिला है। शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।