उन्नाव। ईरान-इस्राइल युद्ध के चलते रसोई गैस को लेकर स्थितियां बिगड़ती जा रही हैं। गोदामों और गैस एजेंसियों के बाहर जहां भीड़ लग रही है वहीं गैस बुकिंग को लेकर बंदिशें बढ़ती जा रही हैं। अब नए नियमों के तहत एक सिलिंडर वाले की 25 और दो सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं की 45 दिन बाद बुकिंग होगी। बाकायदा इसका मोबाइल पर मैसेज आ रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग दोगुनी होने से सर्वर धड़ाम हो रहे हैं। इससे आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
शहर के गांधीनगर निवासी प्रीतम सिंह के पास घरेलू गैस कनेक्शन के दो सिलिंडर हैं। उन्होंने 14 फरवरी को सिलिंडर लिया था। अब उनके पास मैसेज आया है कि दूसरे सिलिंडर की बुकिंग एक अप्रैल है यानी इससे पहले सिलिंडर नहीं मिल पाएगा। इसी प्रकार नवाबगंज के कुलदीप ने बताया कि उनके पास भी मैसेज आया है कि दूसरे सिलिंडर की बुकिंग 45 दिन बाद होगी। उधर, गैस की किल्लत को देखते हुए बुकिंग भी लगभग दोगुनी हो गई है। एक सप्ताह पहले जहां इंडेन, भारत व एचपी गैस की प्रतिदिन 1200 के आसपास बुकिंग होती थी, अब रोजाना की संख्या बढ़कर लगभग 2200 पहुंच गई है। इसी कारण सर्वर की समस्या खड़ी हो गई है।
उपभोक्ता शिवनारायण व सोनित कुमार ने बताया कि पिछले दो दिन से ऑनलाइन बुकिंग के लिए फोन कर रहे हैं लेकिन नंबर या तो बिजी बता रहा है या एक ही बेल में कट जा रहा है। इससे बुकिंग न होने से गैस सिलिंडर मिलना मुश्किल हो गया है। गैस एजेंसी पहुंचने पर जाने पर सर्वर न आने की बात कहकर लौटा दिया जाता है।
इंसेट-1
सिर्फ 360 लोगों को मिला सिलिंडर
पुरवा। कस्बा स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए 500 से अधिक उपभोक्ता पहुंच गए। लाइन भी लगाई पर मात्र 360 लोगों को ही सिलिंडर मिल पाए। करीब 200 लोगों को गैस नहीं मिल पाई। हुलियाखेड़ा की चंदावती ने कहा कि गैस लेने के लिए आई थी लेकिन नहीं मिल पाई है। लकड़ी जलाकर खाना बनाया जा रहा है। पीरजादीगढ़ी की सावित्री ने बताया कि गैस लेने आई थी लेकिन मायूसी हाथ लगी है। एजेंसी मालिक विजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को 360 सिलिंडर आया था जिसे वितरित करा दिया गया। (संवाद)
मोबाइल पर नहीं आ रहा ओटीपी
हसनगंज। कस्बा स्थित सिद्ध विनायक गैस एजेंसी पर भी सिलिंडर लेने के लिए काफी लोग पहुंचे। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग के बाद भी उन्हें समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। अमोइया के अखिलेश सिंह ने बताया कि बुकिंग के बाद भी यदि मोबाइल पर मैसेज या ओटीपी नहीं आता तो एजेंसी से गैस सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। कई बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि सिलिंडर पाने के लिए उन्हें कई-कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। चंदौली बुजुर्ग के सरजू प्रसाद ने बताया कि उनकी दो बेटी आरती और निशा की बारात आने वाली थी। सुबह से गैस सिलिंडर के लिए भटकना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सिलिंडर मिलने पर ही खाना बनना शुरू हो सका है। (संवाद)
एसडीएम ने लिया रसोई गैस का जायजा
सफीपुर। एसडीएम शिवेंद्र कुमार वर्मा ने एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय व गोदाम पहुंच कर स्थिति देखी। संचालक ने बताया कि बुक करने के बाद आने वाले ओटीपी के आधार पर वितरण किया जा रहा है। एसडीएम ने गोदाम के अंदर मौजूद स्टॉक देखा। बताया कि एजेंसी में कोई समस्या नहीं मिली है। निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को सिलिंडर देने में लापरवाही न बरती जाए। (संवाद)
जिला पूर्ति कार्यालय के 8924095505 नंबर पर करें शिकायत
उन्नाव। रसोई गैस के साथ पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोलरूम स्थापित किया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 8924095505 जारी किया गया है, जो 24 घंटे खुला रहेगा। इसके अलावा तहसीलवार भी पूर्ति निरीक्षकों के नंबर जारी किए गए हैं। सदर तहसील से संबंधित शिकायत पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के नंबर 8105335423, पुरवा में भावेश सिंह के 9451463700, हसनगंज में दिनेश चंद्र व सौरभ त्रिपाठी के नंबर क्रमशः 6389082601, 8985292120, बीघापुर के मनोज कुमार 8052497434 और सफीपुर के जोगेंद्र कुमार के नंबर 8193008839 पर की जा सकती है। (संवाद)
कालाबाजारी रोकने के लिए बनाई टीम
उन्नाव। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने पेट्रोल, डीजल, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों व गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने दावा किया कि पेट्रोल डीजल व एलपीजी की कोई दिक्कत नहीं है। इसको लेकर जो सोशल मीडिया में अफवाह फैलाई जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी की कालाबाजारी में संलिप्तता मिलेगी तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि कालाबाजारी रोकने और कार्रवाई के लिए आपूर्ति, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीम बनाई गई है। जो पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों के कार्यालयों व गोदामों में जांच करेगी। कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग न हों। इसकी निगरानी की जाए। गैस एजेंसी संचालकों से कहा कि घरेलू गैस की आपूर्ति वास्तविक उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही की जाए।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों ने गैस गोदाम पर व डिलीवरी वाहनों पर सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता संबंधी बैनर लगवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कुछ उचित दर विक्रेता के साथ पेट्रोल, डीजल पंप संचालक भी अपनी उचित दर दुकान पर एक बैनर लगवाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, एडीएम वित्त राजस्व सुशील कुमार गोंड सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)
फोटो-23-हरदोई पुल के नीचे संचालित भारत गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ता