फोटो-40- बीघापुर में एसआईआर नोटिसों की सुनवाई करते अधिकारी। आर्काइव।
- फोटो : बहराइच के सिसईहैदर में जागरुकता रैली निकालतीं छात्राएं।
उन्नाव। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी अनंतिम मतदाता सूची पर 36 दिनों में 84,393 दावे और आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें से केवल 25.65 फीसदी का ही निस्तारण हो सका है। सबसे अधिक दावे नाम बढ़वाने के लिए फार्म-6 के तहत आए हैं।
छह जनवरी को जारी हुई अनंतिम मतदाता सूची में कुल 19,17,882 मतदाता थे जिनमें 10,56,458 पुरुष, 8,61,381 महिला और 43 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 11 फरवरी तक कुल 84,393 आपत्तियां और दावे प्राप्त हुए, जिनमें 65,841 नाम बढ़वाने, 1,838 नाम हटाने और 16,707 नाम/पते में संशोधन के लिए थे। अब तक 21,648 दावों-आपत्तियों का निस्तारण हुआ है जिसमें 14,155 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, 559 के नाम हटाए गए हैं और 6,934 के नाम व पते संशोधित किए गए हैं। दावे-आपत्तियां छह मार्च तक स्वीकार की जाएंगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि निस्तारण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विदेशों से भी आए आवेदन
दावे-आपत्तियों के इस दौर में भारत से बाहर दूसरे देशों में रह रहे 11 लोगों ने भी फार्म-6ए भरकर अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इन आवेदनों की जांच बीएलओ के माध्यम से कराई जा रही है और सही पाए जाने पर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।