फोटो नंबर-11-लोकनिर्माण विभाग की ओर से सड़क किनारे के मकानों पर लगाए गए निशान। संवाद
चकलवंशी। दुर्घटना बहुल स्थल में शामिल चकलवंशी चौराहे के चौड़ीकरण की जद में आ रहे 60 भवन स्वामियों को नोटिस दिया गया है। पीडब्ल्यूडी ने अतिक्रमण खुद हटाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी है। इसके बाद विभाग ने हटाने का खर्चा भवन स्वामियों से वसूलने की चेतावनी दी है।
चकलवंशी चौराहा कई जनपदों के आवागमन का मुख्य केंद्र बिंदु है। इसी चौराहे से प्रतिदिन हजारों वाहन कानपुर, लखनऊ, हरदोई, उन्नाव आदि जिलों की ओर आते-जाते हैं। कम चौड़ाई होने से अक्सर यहां पर जाम लगा रहता है। साथ ही दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। इसी कारण इसे दुर्घटना बहुल स्थल में भी शामिल किया गया है। चौराहे से यातायात सुचारू रखने के लिए इसके चौड़ीकरण की तैयारी शुरू की गई है।
लोक निर्माण विभाग ने चौड़ाई बढ़ाने के लिए चार माह पहले काम शुरू कराया था। बारिश में काम बंद हो गया था। पुनः काम शुरु होने से पहले सड़क की जद में आ रहे 60 मकान मालिकों को नोटिस दिया है। सभी को चौड़ीकरण में रहे हिस्से को छोड़ने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
चौराहे से हर रोड की अलग होगी चौड़ाई
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अवर अभियंता आनंद जायसवाल ने बताया कि चौराहे से कई रोड निकली हैं। हर रोड की अलग चौड़ाई रहेगी। परियर रोड की तरफ 18 मीटर, उन्नाव-हरदोई मार्ग पर 24 मीटर और संडीला मार्ग की ओर 20 मीटर चौड़ा किया जाएगा। चौराहे से 200 मीटर लंबाई रहेगी। चौराहे से आठ मीटर के डिवाइडर बनाए जाएंगे। इससे जाम नहीं लगेगा। बताया कि करीब 60 लोगों ने टिनशेड व मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। उन्हें नोटिस भेज कर 15 दिन में खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। समय पर खाली न करने पर विभाग अपने स्तर से अतिक्रमण को हटवाएगा। उसका खर्च मकान मालिक को देना होगा।