बांगरमऊ। डिग्री कॉलेजों में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं में कॉलेज प्रबंधक आपस में सांठ-गांठ कर एक-दूसरे की नकल के खेल में एक-दूसरे के मददगार बने हैं। सोमवार को कानपुर सीएसजेएमयू के पर्यवेक्षक ने बांगरमऊ के आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में नकल का खेल पकड़ा था।
मंगलवार को विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी बढ़ा दी। मालूम हो कि बांगरमऊ के आरएस डिग्री कॉलेज में परीक्षा खत्म होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल बांधकर रखवाने के बाद पर्यवेक्षक के परीक्षा केंद्र से जाते ही कॉलेज प्रबंधन ने उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को दोबारा खोलकर प्रश्नपत्र हल कराते मिले। यहां मंगलवार को हुईं तीनों पालियों के बंडल खुले पाए गए थे। मंगलवार को विश्वविद्यालय ने तीन पर्यवेक्षकों को इस परीक्षा केंद्र की निगरानी में लगाया। उनकी मौजूदगी में परीक्षा शुरू हुई और कड़ी निगरानी में संपन्न कराने के बाद पर्यवेक्षक उत्तर पुस्तिकाएं अपने साथ लेकर गए।
मंगलवार को पहली और दूसरी पाली में बीए समाजशास्त्र और तीसरी पाली में शिक्षाशास्त्र की परीक्षा हुई। कुल 270 छात्रों ने परीक्षा दी। अन्य कॉलेजों में भी पर्यवेक्षकों ने निगरानी और बढ़ा दी है।