फोटो-12- नवाबगंज के एक होटल में डोसा लेने के लिए लगी भीड़। स्रोत: पाठक
नवाबगंज। दुबई में रह रहे ऑनलाइन गेमिंग से करोड़ों की संपत्ति बनाने वाले यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी ने रविवार को 26वें जन्मदिन पर यहां के लोगों को दावत दी। फेसबुक और यूट्यूब पर वीडियो भी शेयर किया। नवाबगंज व उन्नाव की चुनिंदा दुकानों में फास्टफूड, चाट खाने का ऑफर दिया। 500 से अधिक लोगों ने पिज्जा, डोसा, समोसे और चाट का लुत्फ उठाया।
कई साल से यूएई के दुबई शहर में रह रहे उन्नाव के नवाबगंज ब्लॉक के भितरेपार गांव के मजरा खजूर निवासी अनुराग ने रविवार 13 सितंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। इसमें अपने 26वें जन्मदिन पर नवाबगंज कस्बे और उन्नाव शहर में यूएसडीए कार्यालय के पास स्थित पिज्जा की दुकान सहित अलग-अलग व्यंजन के लिए प्रसिद्ध दुकानों में डोसा, समोसा, भटूरे और चाट की दुकानों के नाम बताए हुए वहां मुफ्त में व्यंजन खाने की जानकारी दी।
वीडियो वायरल होते ही दुकानों पर लोगों की भीड़ लग गी। होटल संचालक रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अनुराग के टोकन से 340 लोगों ने डोसा खाया। सुभाष ने बताया कि चार हजार रुपये की चाट बिकी। 2200 रुपये के समोसे, 250 भटूरे और पूड़ी की थाली बिकीं। वहीं शहर की दुकान में 50 लोगों ने पिज्जा खाया। विक्रेताओं ने बताया कि दुकान पर अनुराग के मिलने वाले लोग मौजूद थे। इसका अनुराग ने भुगतान किया।
ईडी की जांच और दुबई में ठिकाना
अनुराग द्विवेदी सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के बाद से दुबई में रह रहा है। ईडी ने 17 दिसंबर 2025 को पैतृक गांव नवाबगंज और लखनऊ स्थित आवास पर छापा मारा था। इसके बाद से अनुराग ने दुबई को स्थायी ठिकाना बना लिया है। वहीं से ऑनलाइन कारोबार का संचालन करता है।
भव्य शादी से चर्चा में आया
अनुराग द्विवेदी 22 नवंबर 2025 को दुबई में एक क्रूज पर अपनी भव्य शादी से चर्चा में आया। इस शाही समारोह में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। नवाबगंज से करीब 30 लोगों को हवाई जहाज से दुबई बुलाकर शाही दावत दी थी। उसकी लग्जरी जीवनशैली अक्सर सुर्खियों में रहती है।