उन्नाव। डीआईओएस कार्यालय में दस साल से जमे बाबू को शिक्षक संगठन के विरोध के बाद शासन स्तर से हटाकर गंजमुरादाबाद जीजीआईसी भेजा गया है। वेतन, एरियर और जीपीएफ पटल देखने के दौरान पदाधिकारियों ने आरोप भी लगाए थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शिक्षकों के वेतन, एरियर और जीपीएफ में गड़बड़ी का शिक्षक संगठन के पदाधिकारी लगातार विरोध कर रहे थे। एक सप्ताह पहले माध्यमिक शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यालय के बाहर धरना भी दिया था और शासन स्तर तक शिकायत करने की बात कही थी।
विरोध को देखते हुए सोमवार को संयुक्त निदेशक ने यह पटल देख रहे बाबू नीरज कुमार सिंह को कार्यालय से हटाकर गंजमुरादाबाद जीजीआईसी भेजा है। वहीं डीआईओएस कार्यालय रायबरेली में तैनात बाबू सुशील कुमार सिंह का स्थानांतरण कर उन्नाव के इनायतपुर बर्रा जीआईसी भेजा गया है। डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि स्थानांतरण शासन स्तर से हुआ है।