उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टेक्कर से ट्रैक्टर पलट गया। इससे ट्रैक्टर में बैठे युवक की मौत हो गई जबकि अन्य दो लोग चोटिल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्काॅर्पियो भी पलट गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को रास्ते से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इस दौरान करीब आधा घंटा आवागमन बाधित रहा।
सदर कोतवाली के गदनखेड़ा मोहल्ला निवासी राजेंद्र ने बताया कि नया ट्रैक्टर खरीदा था। पहली सर्विस कराने के लिए बड़े भाई रामू ट्रैक्टर लेकर एजेंसी जा रहे थे। उनके साथ पड़ोसी मुकेश (22) पुत्र रामआसरे यादव और मेरा छोटा भाई दिनेश भी था। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर ट्रैक्टर मोड़ते समय तेज रफ्तार स्कार्पियों ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पलटने के साथ ही स्काॅर्पियो भी पलट गई। मुकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि रामू और दिनेश को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन शव पोस्टमार्टमहाउस भेजा। घायलों का जिला अस्पताल लाकर इलाज कराया। राजेंद्र ने बताया कि मुकेश मजदूरी करता था। पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत से मां सुनीता और अन्य परिजन बेहाल हैं। घटना के बाद कार चालक मौके से भाग निकला।अपराध निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। दोनों वाहन सड़क किनारे पलटे थे, इसलिए यातायात अधिक देर तक प्रभावित नहीं हुआ।
फोटो-18-मुकेश यादव (फाइल फोटो)