उन्नाव। शहर के हरदोई रोड पुल से निकल रहे बाइक सवार श्रमिक की गर्दन में प्रतिबंधित मांझा फंस गया। इससे गर्दन में गहरा जख्म हो गया। राहगीरों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
शहर के मोहल्ला कल्याणी देवी निवासी गुलफ्शा ने बताया उनके भाई सिराज (39) मजदूरी करते हैं। बुधवार शाम करीब छह बजे मजदूरी करके बाइक से घर लौटते समय हरदोई रोड पुल पर प्रतिबंधित मांझा उनकी गर्दन में फंस गया और जब तक वह कुछ समझ पाते गहरा जख्म हो गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान उधर से निकल रहे अभिषेक नामक युवक की नजर पड़ी तो आनन-फानन, दरोगाबाग मोहल्ला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनका इलाज किया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने भी जांच की। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।