फोटो-1- मौरंग लदे ट्रक के खनिज प्रपत्रों की जांच करते खनन निरीक्षक। स्रोत: कर्मचारी
उन्नाव। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा के निर्देश पर खनन और परिवहन विभाग ने खनिज के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया। इसमें 41 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 9.29 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। इनमें पांच वाहन सीज किए गए हैं जबकि 36 का चालान किया गया है।
खनन अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान 14 वाहन चालक खनिज परिवहन प्रपत्र नहीं दिखा पाए। इस पर 6.74 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान में 27 वाहनों पर कार्रवाई की। एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार ने पांच भारी वाहनों को सीज किया है। ये मानक से अधिक खनिज ढो रहे थे। इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 22 वाहनों का चालान किया गया। परिवहन विभाग ने इन वाहनों से 2.55 लाख रुपये जुर्माना वसूला।