हरदोई। भीषण गर्मी और उमस के बीच मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आ रहे मरीजों की मुश्किलें कम होने के बजाए बढ़ रही हैं। ओपीडी इमारत के भूतल पर लगे चार एसी में से कोई भी काम नहीं कर रहा है जबकि कमरों में बैठे डॉक्टर और कर्मचारियों के कक्ष के एसी लगातार चल रहे हैं। भीषण गर्मी में मरीज व तीमारदारों को पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक पसीने से तर-बतर होना पड़ रहा है।
लगातार बढ़ रही सूरज की तपिश और गर्मी ने आम जनजीवन को बेहाल करके रख दिया है। उस पर भी मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में चिकित्सीय परामर्श कराने आए मरीजों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ओपीडी के भूतल पर भीड़ के दबाव के बीच वेंटिलेशन की कमी और बंद पड़े एयर कंडीशनर के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं। लंबी लाइनों में खड़े बुजुर्गों और बच्चों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है जबकि प्रशासन की संवेदनहीनता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां मरीज और तीमारदार गर्मी से परेशान हैं वहीं भूतल पर बने हड्डी विभाग, दवा काउंटर कक्ष और पर्चा काउंटर के अंदर बैठे डॉक्टरों और कर्मचारियों के कक्षों में लगे एसी लगातार चल रहे हैं। एसी बंद होने के कारण मरीज व तीमारदार स्ट्रेचर और फर्श पर बैठकर पंखा झलते नजर आते हैं।
भूतल के चारों एसी ठप, एग्जाॅस्ट फैन भी बंद
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी इमारत के भूतल पर मरीजों की सुविधा के लिए चार एयर कंडीशनर लगाए गए थे। एसी लगे हैं लेकिन इनमें से चलता कोई भी नहीं है। हालांकि, कूलर भी रखे गए हैं लेकिन वह भी सिर्फ शोपीस बने हुए हैं। इतना ही नहीं कक्ष की गर्मी को बाहर फेंकने के लिए लगाए गए एग्जॉस्ट फैन भी खराब होकर बंद पड़े हैं। मरीज और तीमारदार सिर्फ पंखों के सहारे हैं लेकिन अधिक गर्मी होने की वजह से वह भी नाकाफी साबित हो रहे हैं।
-सरैयां निवासी सरिता ने बताया कि बीमार बच्चे को लेकर पर्चा बनवाने के लिए काफी देर से लाइन में खड़ी हैं। हॉल में इतनी गर्मी और उमस है कि अधिक देर तक खड़े होना मुश्किल लग रहा है।
-बेहटी निवासी रामपाल ने बताया कि बुखार में पहले ही शरीर टूट रहा है, ऊपर से यहां इतनी गर्मी है कि चक्कर आ रहे हैं। कम से कम पंखे तो ठीक से चलें, एसी तो बस दिखावे के लिए लगे हैं।
तकनीकी खराबी के कारण एसी काम नहीं कर रहे हैं जिन्हें ठीक कराने के लिए मैकेनिक को बता दिया गया है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी ताकि मरीजों को गर्मी में राहत मिल सके। -डॉ. जेबी गोगोई, प्रधानाचार्य
फोटो-05- मेडिकल कॉलेज कीओपीडी में बंद एसी। संवाद