फोटो-1- सिलाई का प्रशिक्षण देतीं सुमन। संवाद
- फोटो : 1
बांगरमऊ। क्षेत्र के ग्राम नन्हूपुरवा निवासी सुमन परिश्रम से केंद्र खोलकर क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को सिलाई की शिक्षा दे रही हैं। साथ ही खुद भी सिलाई करके अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
सफीपुर क्षेत्र के ग्राम मनियापुर निवासी सुमन की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व ग्राम नन्हूपुरवा के राकेश से हुई थी। पति के पास मात्र एक बीघा कृषि योग्य भूमि होने के कारण परिवार आर्थिक संकटों से जूझ रहा था। परास्नातक शिक्षा प्राप्त सुमन ने हिम्मत जुटाई और खुद के पास जमा मात्र 4000 रुपये की पूंजी से एक सिलाई मशीन खरीदी। इसके जरिए एक तरफ उसने कपड़ों की सिलाई शुरू की। साथ ही दूसरों को भी प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया। शुरुआत में 15 से 18 घंटे की कड़ी मेहनत की। इससे उसका काम चल निकला। धीरे-धीरे उन्होंने 12 सिलाई मशीनें खरीद लीं। इसके जरिए खुद के काम ने भी रफ्तार पकड़ा और प्रशिक्षण लेने वाली बालिकाओं की संख्या भी बढ़ने लगी। अब तक उनके पास से खुशबू, काजल, शिवानी, पिंकी, रिंकी, नैना, शिल्पी आदि महिलाएं और बालिकाएं प्रशिक्षण लेकर खुद का रोजगार शुरू कर चुकी हैं। सुमन की लगन और मेहनत ने उसकी आर्थिक स्थिति तो मजबूत कर ही दी है, साथ ही अन्य को भी आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।