उन्नाव के पुरवा में फसलों की रखवाली करते थके भदनांग के किसानों ने 60 छुट्टा मवेशियों को खदेड़कर उच्च प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन परिसर में बंद कर दिया। किसानों के मवेशी बंद करने के दौरान स्कूल चल रहा था। मवेशियों को देख बच्चे जान बचाकर भागे। बाद में बीडीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
किसानों को समझाकर मवेशियों को गोशाला भेजा गया। गांव भदनांग में छुट्टा मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए किसान दिन-रात खेत में ही डेरा जमाए हुए थे। किसानों का धैर्य बुधवार सुबह जवाब दे गया। किसानों ने एकत्रित होकर मवेशियों को खदेड़ा और ले जाकर उच्च प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन में बंद कर दिया।
उस समय स्कूल चल रहा था। कक्षों में 100 बच्चे मौजूद थे। मवेशियों को देख बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। प्रधान शिक्षक सुनील पाल ने अंदर मवेशी बंद देखे तो बीईओ व प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। बीडीओ संतोष श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने किसानों से बातचीत की। किसानों की सहमति से मवेशियों को गोशाला में शिफ्ट कराया। बीडीओ ने बताया कि दो कर्मियों को गोशाला में बंद किए गए मवेशियों की निगरानी में लगाया गया है। रात को तीन सफाईकर्मी गोशाला में रहेंगे।
प्रधान शिक्षक ने बताया कि जनवरी 2019 से विद्यालय की चहारदीवारी पूर्ण नहीं है। गेट तक नहीं लगा है। प्रधान दयाराम यादव ने बताया कि गोशाला में पुरानी खाई बनी थी। बरसात में मिट्टी बह गई है। उससे जानवर निकल जाते हैं। इसके पूर्व 11 सितंबर 2019 को भी किसानों ने मवेशियों को इसी विद्यालय में बंद कर दिया था।