उन्नाव। स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल विभाग द्वारा जिला स्तरीय फुटबाॅल और क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन यूनिवर्सल हेल्थ केयर, अंबिका प्रसाद क्रिकेट अकादमी और उन्नाव हिरोज टीम ने लीग मैच में जीत हासिल की। वहीं, फुटबाॅल में सेंट लारेंस, किंग्सन और इलेवन स्टार टीम विजयी रही।
डीसीए के सचिव पीके मिश्रा, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके मैच की शुरुआत की। दूसरे दिन का पहला मैच यूनिवर्सल हेल्थ केयर और एवीएम टीम के बीच खेला गया। एवीएम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए यूनिवर्सल टीम ने निर्धारित 10 ओवर के मैच में पांच विकेट खोकर 95 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवीएम टीम सात विकेट खोकर 86 रन ही बना पाई।
दूसरा मैच आडाखेड़ा सुपर किंग्स और अंबिका प्रसाद क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। आडाखेड़ा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। अंबिका प्रसाद की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 160 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आडाखेड़ा सुपर किंग्स की टीम छह विकेट खो कर 69 रन ही बना पाई।
तीसरा मैच उन्नाव हिरोज व किंग्सन इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। किंग्सन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 10 ओवर में चार विकेट खोकर 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्नाव हिरोज ने छह ओवर में दो विकेट खोकर मैच जीत लिया। फुटबाल प्रतियोगिता में दूसरे का पहला मैच सेंट ज्यूड्स इंटर कॉलेज और सेंट लारेंस के बीच खेला गया। इसमें सेंट लारेंस ने जीत हासिल की। दूसरे मैच में इलेवन स्टार टीम ने जीत हासिल की। इसके अलावा तीसरे मैच में किंग्सन इंटर कॉलेज ने बाजी मारी। इस दौरान प्रतियोगिता संदीप यादव, प्रांजुल तिवारी, शिशिर बाजपेई, कपिल पांडेय, वात्सल्य शुक्ला, शिवम शर्मा, अलौकिक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन
उन्नाव। फिट इंडिया साइकिलिंग अभियान के तहत स्टेडियम में साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें खेलो इंडिया सेंटर के 38 खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने नियमित साइकिल चलाने के प्रेरित किया। (संवाद)