उन्नाव। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुखार और सांस के दो और रोगियों की मौत हो गई। गुरुवार को तीन ने दम तोड़ा था। वहीं, शाम छह बजे तक डायरिया और बुखार से पीड़ित 26 और मरीजों को भर्ती किया गया। बुखार से पीड़ित दो मरीजों को कानपुर रेफर किया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खटई गांव निवासी ज्ञानेंद्र की पत्नी सीमा (45) की कई दिन से तबीयत खराब चल रही थी। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, तकीनगर निवासी मोनू की पत्नी मोनी (30) को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अधिक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इसके अलावा, डायरिया, पेटदर्द और बुखार के 26 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं, मौरावां निवासी धीरज की पत्नी अर्चना (21) व सफीपुर के मुन्ना (65) को कानपुर रेफर किया गया।