राजस्थान से हत्या कर भागे दो शातिर सड़क हादसे में घायल
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में हत्या कर फरार चल रहा आरोपी और उसका साथी लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में घायल होने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों के पास मिले थैले से दो तमंचे, 12 कारतूस व अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी दोस्त के साथ रायबरेली स्थित अपने बहनोई के घर बाइक से जा रहा था।
तभी उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। गंभीर हालत में दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी राजस्थान पुलिस दी गई है। राजस्थान के जिला अलवर के अरावली निवासी मोहित चंद्र मीना उर्फ मोनू पहलवान (38) ने 17 मई को पड़ोस में रहने वाले शंभू दयाल मीना की गोली मारकर हत्या कर दी थी।