गंजमुरादाबाद/असोहा। बांगरमऊ व असोहा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में महिला और बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
पहली घटना में बांगरमऊ नगर के मोहल्ला कस्बाटोला निवासी स्व रामजीवन कुशवाहा की पत्नी प्रेम कुमारी उर्फ खुर्रा देवी गत सप्ताह अपने मायके हरदोई मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम अटवारा चकोला गईं थी। मंगलवार सुबह अपने भतीजे सुमित पुत्र सर्वेश कुशवाहा के साथ बाइक घर जा रहीं थी। नगर में हरदोई-उन्नाव मार्ग पर पहुंचीं थी कि अचानक झपकी लगने से वह सड़क पर गिर गई। बेहोशी हालत में भतीजे ने उन्हें सीएचसी बांगरमऊ पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे परिजन शव देख बदहवास हो गए।
दूसरी घटना में असोहा थाना क्षेत्र के गढ़ी करमली गांव निवासी 75 वर्षीय रामस्वरूप सोमवार को किसी काम से असोहा गए थे। देर शाम पैदल घर लौटते वक्त असोहा -कांथा मार्ग पर गांव की मोड़ के पास असोहा की ओर से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे बेटे टिल्लू और मोनू ने उन्हें सीएचसी असोहा में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। सोमवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसओ संतोष सिंह ने बताया अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।