धुंध के चलते हुए सड़क हादसे, तीन लोगों की मौत
- फोटो : बदायूं/उत्ततर प्रदेश्ा
बांदा-सागर मार्ग पर सोमवार की भोर दो ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों के चालक समेत एक ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर ललौली पुलिस ने तीनों को सीएचसी बिंदकी पहुंचाया। इलाज के दौरान खलासी की मौत हो गई। चालकों को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया।
यह हादसा ललौली थाना क्षेत्र के शिउरी गांव के पास पहलवान ब्रिक फील्ड के सामने भोर तीन बजे हुआ। सुल्तानपुर जिले के थाना मुतियारपुर के गांव खैरहा निवासी राम अजोर का बेटा आेंकार नाथ ट्रक चालक है। इसी ट्रक में सुल्तानपुर जिले के करौंदीकला थाना क्षेत्र के हिनुवाबाद गांव निवासी राम दुलार का बेटा पंकज (21) खलासी था। यह सुल्तानपुर से गिट्टी लादने के लिए महोबा जिले के कबरई जा रहे थे। जिस ट्रक से सीधे भिड़ंत हुई है, उसे बांदा जिले के नरैनी कस्बे के राम सजीवन का बेटा राजकुमार चला रहा था।
यह ट्रक खाली था और कानपुर जा रहा था। भिड़ंत में ट्रकों में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को 108 नंबर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। यहां इलाज के कुछ देर बाद खलासी पंकज की मौत हो गई। ललौली एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि भोर की वजह से घटना के प्रत्यक्षदर्शी तो सामने नहीं आए हैं। अलबत्ता इतना साफ है कि किसी न किसी ट्रक के चालक को झपकी लगी, जिससे यह हादसा हुआ।