उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गदनखेड़ा स्थित फ्लाईओवर पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से मौरंग लदा ट्रक भिड़ गया। हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक की मौत हो गई। घटना के बाद आगे वाला चालक ट्रक लेकर भाग गया।
हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के कुछेछा गांव निवासी मैकू का बेटा रणभीक कुमार (45) ट्रक चालक था। बुधवार रात वह ट्रक में मौरंग लादकर लखनऊ के लिए निकला था। बृहस्पतिवार भोर करीब पांच बजे सदर कोतवाली के गदनखेड़ा स्थित ओवरब्रिज से नीचे उतर रहा था। इसी दाैरान आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक ली। दूरी कम होने से रणभीक ब्रेक नहीं लगा पाया और ट्रक पीछे से भिड़ गया। हादसे में वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से पुलिस ने परिजन को घटना की जानकारी दी।
परिजन के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पति की मौत से पत्नी दुर्गेश, बेटा धीरेंद्र, महेंद्र और बेटी कोमल बेहाल हैं। छोटे भाई नंद किशोर ने बताया वह तीन भाई थे। बड़े भाई की मौत बहुत पहले हो चुकी है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।