हसनगंज। मोहान-मलिहाबाद मार्ग चौड़ीकरण के दुकानदारों व भवन स्वामियों को नोटिस दिया गया था। शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को लौटना पड़ा। वजह रही कि कुछ लोगों ने हाईकोर्ट में वाद दायर किया है। उन्होंने टीम को बताया कि जब तक न्यायालय का निर्णय नहीं आ जाता तब तक कोई कार्रवाई न की जाए। फिलहाल टीम ने सोमवार तक की मोहलत देते हुए लौट गई।
मोहान-मलिहाबाद मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर कस्बे में एक बार फिर विवाद गहराने के आसार बन गए हैं। कस्बे के करीब डेढ़ सौ से अधिक दुकानदारों और भवन स्वामियों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्लयूडी) ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद कस्बे के ही कपिल निगम, बदलू कश्यप, शैलेंद्र सिंह और डॉ. ताहिर सहित कई लोगों ने हाईकोर्ट में वाद दायर किया। उनका कहना है कि उनके घर और दुकानें आबादी की जमीन पर करीब 120 साल से बनी हैं, जिन्हें बिना मुआवजा दिए हटाया जा रहा है।
लोगों ने मांग की है कि कोर्ट का फैसला आने तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। शनिवार को नायब तहसीलदार डॉ. प्रीति सिंह की अगुवाई में राजस्व टीम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहायक अभियंता हरेंद्र पटेल, अक्षय कुमार, जेई हरीशंकर, दीपांशु, प्रवीण कटियार व पुलिस बल कस्बे में पहुंच कर लोगों से बातचीत कर अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार तक का समय दिया।
जेई हरीशंकर ने बताया कि टीम तहसील स्तर से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची थी। लोगों ने कोर्ट में मामला विचाराधीन होने की जानकारी दी है और कहा कि वे कोर्ट के फैसले का सम्मान करेंगे।