गंजमुरादाबाद। कोहरा गिरने से फसल में झुलसा रोग और माहू कीट लगने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कृषि अधिकारी ने किसानों को फसल बचाने के लिए खेतों में नमी बनाए रखने और खेतों में धुआं आदि करने की सलाह दी है।
ब्लाक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आलू की खेती होती है। तक मौसम अनुकूल रहने से फसल रोगमुक्त है, लेकिन अब कोहरा गिरने से झुलसा रोग और माहू कीट का प्रकोप बढ़ने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान संजय कटियार, अतुल कटियार, लालू, लालजी शर्मा, कामिल कुरैशी आदि किसानों ने बताया कि मौसम बदलने से माहू कीट की आशंका बढ़ गई है।
राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय प्रभारी देवी सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि पाला और कोहरा से बचाने के लिए आलू की फसल में 10-15 दिनों में हल्की सिंचाई करते रहें। माहू कीट के नियंत्रण के लिए मैंकोजेब दो ग्राम और फास्फेमिडान 6 मिली ग्राम प्रति लीटर पानी में मिलाकर 10 से 12 दिन के अंतराल पर छिड़काव करें।