उन्नाव। मानव संपदा पोर्टल पर आवेदन के बाद भी महिला डॉक्टर का अवकाश न स्वीकृत करने और शासन को गलत सूचना भेजने के मामले में सीएमओ पर जांच शुरू हो गई है। लखनऊ मंडल के अपर निदेशक को मामले की जांच सौंपी गई है।
सफीपुर सीएचसी में तैनात डॉ. फौजिया ने चार नवंबर से दो जनवरी तक बाल्य देखभाल के लिए मानव संपदा पोर्टल पर आवेदन किया था। लेकिन सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने अवकाश स्वीकृत नहीं किया। महिला डॉक्टर की शिकायत पर उपमुख्यमंत्री ने सूचना मांगी तो सीएमओ ने भ्रामक सूचनाएं भेजी थीं। गुरुवार को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने मामले में जांच के निर्देश दिए। उन्होंने मंडल के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता को एक माह में जांच रिपोर्ट देने को कहा है। वहीं, सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश का कहना है कि उन्हें अभी कोई आदेश-निर्देश नहीं मिला है। जो आदेश मिलेगा अनुपालन किया जाएगा। बताया कि पूर्व में मांगी गई सूचनाएं शासन को भेज दी गई थीं।