अलग-अलग थानाक्षेत्र में सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर हीरा गार्डेन के पास चल रहे सत्संग में अजगैन थानाक्षेत्र के उधवाखेड़ा निवासी वृद्धा किरन (70) पत्नी स्व. रामऔतार व उनकी बहू मंजू पत्नी रामनरेश आई थी। सत्संग सुनकर घर जाने के लिए सभी सड़क किनारे वाहन के इंतजार में खड़े थे, तभी कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार वैन ने किरन को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका पुत्र लालता मां को लेकर जिला अस्पताल गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उधर औरास थानाक्षेत्र के शिवदीनखेड़ा के मजरे चकवेसर निवासी कालीचरण (65) शनिवार रात अपने साढ़ू मिचकूलाल के बेटे संदीप की बारात में भुरकुंडी गांव गए थे। औरास कस्बे में बस रुकने के बाद वह उतरकर सड़क पार करने लगा। तभी विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी थी। इससे कालीचरण गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए देर रात उसे जिला अस्पताल लाया गया।
रविवार सुबह उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी घटना में शहर के बंधुहार निवासी अशोक (35) पुत्र सुंदर रविवार सुबह पत्नी पुष्पा के साथ बच्चे आयुष का बाइक से नर्सिंगहोम जा रहे थे। जिला अस्पताल के पास कार बाइक की टक्कर में अशोक व उनकी पत्नी पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौथी घटना में मांखी थानाक्षेत्र के गोपीखेड़ा निवासी अच्छेलाल का पुत्र हिमांशु (12) रविवार सुबह साइकिल से खेत जा रहा था। गांव के बाहर बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे हिमांशु घायल हो गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थानाक्षेत्र के ही चमरौली गांव निवासी बाबूलाल (75) दालमोट बेचने का काम करता था। शनिवार को दही चौकी स्थित लगने वाली बाजार में वह दुकान लगाने आया था। रात में देर हो जाने पर दही चौकी में ही रहने वाली बेटी चंद्रावती पत्नी गया प्रसाद के यहां रुक गया। रविवार सुबह वह साइकिल से घर जा रहा था।
तभी सोनिक मोड़ के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने 100 नंबर पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल लाई। यहां इलाज के दौरान वृद्ध ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची मृतक की बेटी चंद्रावती ने बताया कि वह सुबह ही घर से निकले थे।