फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: खाते से 26 लाख रुपये पार करने के लिए तीन दोस्तों ने की थी मेडिकल स्टोर संचालक की हत्या

Fri, 30 May 2025 12:14 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालक की हत्या उसके ही तीन दोस्तों ने रुपयों के लालच में की थी। एक महीने पहले तीनों को जैसे ही पता चला कि दवा विक्रेता के खाते में 26 लाख रुपये हैं, उन्होंने डेबिट कार्ड चोरी कर लिया। मोबाइल पर ओटीपी मैसेज जाने के डर से रुपये नहीं निकल पाए। 18 मई को तीनों ने मोबाइल भी चोरी करने प्रयास किया। 23 मई को गांव के पास ही दवा विक्रेता को शराब पिलाने के बाद उसका मोबाइल ले लिया और जमीन पर सिर पटक कर हत्या कर दी। इसके बाद शव पाइप में छिपाने के बाद भाग गए। पकड़े जाने के डर से मृतक के मोबाइल का सिम भी तोड़ दिया।
विज्ञापन

बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के गांव हरईपुर निवासी मेडिकल स्टोर अंकित पटेल (27) हरदोई के गौसगंज में मेडिकल स्टोर चलाता था। 23 मई की रात पड़ोसी दोस्त अमित और अभिषेक के बुलाने पर घर से बिना बताए बाइक से चला गया था। 27 मई को उसका शव निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के बड़े सीमेंट के पाइप से पुलिस ने बरामद किया था। परिजनों को दोस्तों के साथ जाने की जानकारी न होने से भाई अतुल ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद पुलिस की जांच में तेजी आई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई तो आखिरी कॉल अभिषेक मिली। दूसरे साथी अमित ने तीन दिन पहले अतुल से 10 हजार रुपये उधार मांगे थे। शक होने पर पुलिस इन दोनों सहित करीब 10 युवकों से पूछताछ की। धीरे-धीरे सच्चाई सामने आने लगी।
मृतक की तलाश और शव मिलने के बाद जो दोस्त पुलिस के साथ घूम रहे थे, वही हत्यारोपी निकले। पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि घटना में तीसरा दोस्त मोहित भी शामिल है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि एक दिन बातों में अंकित के बैंक खाते में 26 लाख रुपये होने का पता चला था। इसके बाद से ही वह तीनों रुपये पार करने की कोशिश करते रहे। लेकिन मोबाइल हाथ न लगने से रुपये नहीं निकाल पा रहे थे। उसने पुलिस को बताया कि दोस्त मोहित के कहने पर 18 मई को भी अंकित को शराब पिलाकर मोबाइल लेने का प्रयास किया, लेकिन विवाद होने से सफलता नहीं मिली। इसके बाद 23 मई को फिर अंकित को शराब ठेके के पास बुलाया और उसका शराब पिलाने लगे।
विज्ञापन

मोहित 23 मई को लखनऊ में मैच देखने गया था, अभिषेक और अंकित दोनों उसे बुलाते रहे, वह कुछ देर में आने की बात कहता रहा। अंकित जब अधिक नशे में हुआ तो मोहित कहने पर दोनों ने उसकी हत्या कर दी और शव को चकहनुमान गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के जल निकासी के लिए डाले गए पाइप में छिपा दिया। लेकिन हत्या करने के बाद तीनों ने खुद को फंसते देख रुपये निकालने का इरादा छोड़ दिया और शव को ठिकाने लगाने और खुद को बचाने में लग गए।
सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि मोहित के कहने पर बाइक की नंबर प्लेट तोड़ी और घटनास्थल से छह किलोमीटर दूर बरौनी गांव के पास फेंकी थी। बाइक को 20 किलोमीटर दूर फेंक दिया। घटनास्थल पर जो खून पड़ा था, उस पर मिट्टी डाल दी थी। सीओ ने बताया कि बताया कि तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोहित के पास से डेबिट कार्ड और मृतक का टूटा मोबाइल गांव के पास सूखे तालाब से बरामद किया गया है। सीओ ने बताया कि मृतक के खाते की जांच की गई तो उसमें केवल छह लाख रुपये ही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें