बीघापुर। पाली गांव में चोरों ने सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाया। खिड़की की ग्रिल तोड़कर भीतर दाखिल हुए चोर ताले तोड़कर सात लाख के जेवर और बेटे के ऑपरेशन के लिए रखे 1.80 लाख रुपये ले गए।
पाली गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अमरेश मिश्र के पड़ोस में संतोष बाजपेयी का मकान खाली पड़ा है। इसी मकान से होकर चोर छत पर पहुंचे और फिर सीढ़ी की मदद से खिड़की की ग्रिल तोड़ दी। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़ कर सात लाख के जेवर और बक्से में रखे 1.80 लाख रुपये पार कर दिए।
गुरुवार सुबह छह बजे सामान बिखरा देखा तब घटना की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष राजपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा महेंद्र बीमार है, वह लखनऊ में भर्ती है। शुक्रवार को ऑपरेशन होना है, उसकी लिए बुधवार को बैंक से रुपये निकाले थे। उन्होंने शक जताया कि बुधवार को टंकी ठीक करने के लिए प्लंबर को बुलाया था। घटना में उसी का हाथ हो सकता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।