उन्नाव। पांच दिन पूर्व मगरवारा क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी मामले में ट्वीट में झूठ बोलकर उच्चाधिकारियों को गुमराह करने वाली मगरवारा चौकी पुलिस ने आईजी की फटकार के बाद रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस का झूठ प्रमाणित हुआ है।
सदर कोतवाली के मगरवारा निवासी नफीस पुत्र अब्दुल शकूर के घर 25 अगस्त की रात चोरों ने धावा बोलकर 40 हजार की नगदी व जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया था। अगले दिन उसने मगरवारा चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर उससे सादे कागज में अंगूठा लगवा लिया। क्षेत्र के लोगों ने चोरी की घटना को ट्वीट किया तो जवाब में पुलिस ने अंगूठा लगे सादे कागज पर खुद ही पीड़ित द्वारा चोरी के प्रयास व कार्रवाई न चाहने की बात दर्शा गर्दन बचा ली।
गांव के पूर्व प्रधान चंद्रजीत यादव ने आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह को पुलिस के कृत्य की जानकारी दी। आईजी की फटकार के बाद लाखों की चोरी को महज प्रयास बताने वाली चौकी पुलिस ने पीड़ित की पहले की तहरीर पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा जांच शुरू की है।