बांगरमऊ(उन्नाव)। नर्सिंगहोम में इलाज के दौरान वृद्ध की पेट दर्द से हालत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने नर्सिंगहोम स्टाफ पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नर्सिंगहोम स्टाफ पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर सभी को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव लखनापुर निवासी नरपति (65) की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। बड़ा बेटा जयचंद्र वृद्ध को लेकर बरुआ घाट मार्ग स्थित मुझहिया गांव के पास संचालित नर्सिंगहोम लेकर गया। जयचंद्र का आरोप है कि डॉक्टर ने पिता को जल्द ठीक करने की बात कह तीन इंजेक्शन लगाए। कुछ देर बाद पिता की हालत बिगड़ गई। स्टाफ के लोगों ने पिता को सीएचसी ले जाने की बात कही। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता को मृत देख परिजन शव को लेकर दोबारा नर्सिंगहोम के बाहर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा देख स्टाफ पीछे के गेट से दुबक गया।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल भावनाथ चौधरी ने परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि परिजन रिपोर्ट दर्ज करने पर ही शव उठने देने पर अड़ गए। जिस पर पुलिस ने नर्सिंगहोम स्टाफ पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल भावनाथ चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वृद्ध की मौत से पत्नी राजेश्वरी, बेटा जयचंद, प्रेमचंद, नीरज, धीरज, बेटी संतोष, पुष्पा व मिथिलेश का रो-रोकर बुरा हाल है।