-महिला का आरोप चौहद्दी में नाम दिखाकर बेच दी जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर। खरझारा गांव निवासी महिला ने टंडसपुर गांव निवासी युवक पर धोखाधड़ी कर जमीन की रजिस्ट्री करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
बिहार थानाक्षेत्र के खरझारा गांव निवासी ललिता पत्नी मुकेश सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने 28 अप्रैल 2022 को गांव में एक जमीन खरीदी थी। उसमें सह खातेदार के रूप में गांव के ही जितेंद्र प्रताप थे। महिला का आरोप है कि जीतेंद्र ने अपने साथी ओम नारायण और सुरेंद्र बहादुर के साथ मिलकर धोखाधड़ी की और गलत अभिलेखों से मेरे हिस्से की जमीन की चौहद्दी डालकर टंडसपुर गांव की स्मिता पत्नी सत्येंद्र के नाम 27 मार्च 2024 को रजिस्ट्री कर दी, वह भी तब जब तहसीलदार द्वारा उनके नामांतरण प्रार्थनापत्र को निरस्त किया जा चुका है। अभिलेख न होने के बाद भी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मेरी गाटा संख्या पर कब्जा कर लिया।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जितेंद्र प्रताप पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
बांस की सीढ़ी टूटने से महिला गिरकर घायल
सफीपुर। आसीवन थानाक्षेत्र के गांव कादिरपुर में अरविंद की पत्नी शशी (30) बुधवार दोपहर बांस की सीढ़ी से छत से उतर रही थीं। सीढ़ी टूटने से वह गिर गईं। पति ने मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया है, उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर दिनेश के मुताबिक हालत गंभीर है। (संवाद)