फोटो-10-बिजली गिरने से टूट कर गिरा मंदिर का शिखर कलश। संवाद
उन्नाव/बेहटामुजावर। शनिवार देर रात मौसम में बदलाव से हुई बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत पहुंचाई। वहीं बिजली गिरने से बांगरमऊ के तमोरिया बुजुर्ग स्थित मंदिर का शिखर कलश क्षतिग्रस्त हो गया। रविवार दिन में निकली तेज धूप ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया।
शनिवार को दिन भर बादलों की आवाजाही से उमस बनी रही। रात करीब 11 बजे जिले के कई स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। इससे रात में लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। वहीं बारिश के दौरान बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के तमोरिया बुजुर्ग स्थित शिव शक्ति राधा-कृष्ण मंदिर की चोटी पर बिजली गिरी। इससे मंदिर के शिखर के कलश टूट कर गिर गए। धमाके के कारण मंदिर के अंदर नंदी की मूर्ति भी पलट गई।
रविवार सुबह आसमान साफ होने से निकली तेज धूप ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया। रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण लोग घरों में कूलर और एसी के जरिए गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। वहीं, जरूरी काम से घरों से निकले लोग धूप से बचाव के लिए गमछा आदि से सिर और चेहरे को ढके नजर आए।