गंजमुरादाबाद। नगर पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावों की हकीकत परखने के लिए ‘स्वच्छ सर्वेक्षण-2026’ की टीम ने रविवार को नगर का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने नगर के विभिन्न वार्डों में घूमकर साफ-सफाई की स्थिति देखी और सार्वजनिक सुविधाओं का जायजा लिया।
टीम ने सबसे पहले नगर के सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया। टीम ने वहां पानी की उपलब्धता, बिजली, स्वच्छता और ओडीएफ मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने केयरटेकर से सफाई के अंतराल और लॉग बुक के रखरखाव की जानकारी ली। टीम ने कूड़ा निस्तारण संयंत्र और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। टीम ने मोहल्लों में जाकर कूड़ा गाड़ी के नियमित आने व सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्र करने की जानकारी भी स्थानीय लोगों से ली। मुख्य मार्गों से लेकर तंग गलियों तक की नालियों और सड़कों की सफाई देखी गई। सार्वजनिक स्थानों पर रखे गए डस्टबिन की स्थिति और उनकी उपयोगिता जांची गई। टीम ने नागरिकों से स्वच्छता एप के उपयोग और शिकायतों के निवारण की प्रगति पर भी चर्चा की।