उन्नाव/शुक्लागंज। पाकिस्तान में एक स्कूल में हुए आतंकी हमले में मारे गए 132 छात्रों को स्कूलों के बच्चों ने बुधवार को श्रद्धांजलि दी। दो मिनट का मौन रखकर विश्व में शांति बनाए रखने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान कुछ स्कूलों में बच्चों को सतर्क भी किया गया।
एसवीएम इंटर कॉलेज पूरन नगर में हुई श्रद्धांजलि सभा में शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि दुनिया के सभी देशों को मिलकर आतंक के खिलाफ लड़ना होगा। आतंकवाद के मामले में पाकिस्तान ही नहीं बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी अपनी रीति-नीति पर नए सिरे से विचार करने की आवश्यकता है।
नरेंद्र भदौरिया ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष नरेंद्र भदौरिया ने कहा कि आतंकवाद समाप्त करने के लिए आपसी भेदभाव भुलाकर एक -दूसरे देशों के प्रधानमंत्री व अन्य नेताओं को वार्ता करनी चाहिए और आतंकवाद मिटाने का संकल्प लेना चाहिए तभी देश सुरक्षित रह सकता है।
इस दौरान कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से कामना की और पुष्प अर्पित कर कैंडल भी जलाई। शोक सभा में प्रबंधक वेणु रंजन भदौरिया, प्रधानाचार्य रामवीर सिंह आदि रहे।
आदर्श विद्या मंदिर गीतापुरम में प्रबंधक शिवांक रमन भदौरिया व प्रधानाचार्य अंजना भदौरिया के अलावा छात्र-छात्राओं ने, जनक दुलारे विद्या मंदिर ओसियां में प्रधानाचार्य सुशील शुक्ला, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज जोधाखेड़ा में विजय मिश्रा, सरस्वती आदर्श विद्या मंदिर एबी नगर में प्रधानाचार्य हृदयनारायण श्रीवास्तव, ऋषिकुल विद्यापीठ के प्रधानाचार्य दिलीप शर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।