चौथे और अंतिम चरण में चार ब्लाकों में झमाझम वोट बरसे। इस चरण में सबसे ज्यादा 77 फीसदी वोटिंग हुई। मौसम के साथ देने से वोटर भी घरों से खूब निकले। मतदाताओं ने बूथों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई बूथों पर वोटरों की लंबी कतारें नजर आईं। मताधिकार का प्रयोग करने में आधी आबादी भी पीछे नहीं रही।
गुरुवार को सुबह 7 बजे औरास, गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ व फतेहपुर चौरासी में वोटिंग शुरू हुई। बूथ खुलते ही सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंच गए। सुबह 9 बजे वोटिंग प्रतिशत 13 रहा। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, वोटरों का घरों से निकलने का सिलसिला तेज होता गया।
इसी का परिणाम रहा कि सुबह 11 बजे मतदान प्रतिशत बढ़कर 28 से 30 के आसपास पहुंच गया। दोपहर बाद तो वोटिंग में और तेजी आ गई। तीन बजे ही मतदान का प्रतिशत 50 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गया।
शाम 4.30 बजे मतदान समाप्ति के बाद वोटिंग प्रतिशत 77 रिकार्ड किया गया। अभी तक हुए तीन चरणों के चुनाव में यह सबसे ज्यादा है। आखिर में मतपेटियों को सील करके निर्धारित स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखवाया गया। यहां पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है।