फोटो नंबर-18- एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों के आवागमन वाली लेन में हुए गड्ढे।संवाद
गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। तेज रफ्तार वाहन गड्ढों में लहरा जाते हैं। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। यूपीडा के अधिकारियों का कहना है कि बारिश से गड्ढे हुए हैं। पैचिंग का काम एक महीने में पूरा हो जाएगा।
वर्ष 2016 में बनकर तैयार हुए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में इस बार बारिश में कई जगह सड़क उखड़ने और गड्ढे होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। थाना बेहटामुजावर और बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के करीब 45 किमी के दायरे में सैकड़ों गड्ढे हो गए हैं। खास बात यह है कि ये गड्ढे एक्सप्रेसवे की सड़क की तीसरी और चौथी लेन पर ही हुए हैं। इन लेन में बड़े भार वाहन चलते हैं। वहीं पहली और दूसरी लेन सुरक्षित है। तीसरी और चौथी लेन से निकलते समय हल्के वाहन अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं।
एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी एके चंदेल ने बताया कि बड़े भार वाहनों के गुजरने से ही लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे की तीसरी और चौथी लेन पर बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन्हें भरने का काम शुरू कर दिया गया है। बारिश के कारण अभी धीमी गति से पैचिंग हो रही है। एक माह के अंदर लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे गड्ढामुक्त हो जाएगा।