जाम लगा था, एसपी ने जानकारी की तो पता चला कोतवाली में बैठे हैं प्रभारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। शहर में जन्माष्टमी पर निकल रही श्रीकृष्ण शोभा यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर एसपी ने सदर कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। बड़ा चौराहा पर एसपी की गाड़ी भी जाम में फंसी और एक एंबुलेंस भी।
एसपी ने लोकेशन ली तो कोतवाली में बैठे होने की जानकारी हुई। एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। आसीवन थाना प्रभारी रहे अजय कुमार सिंह को कोतवाली की जिम्मेदारी दी है। शहर में जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण शोभा यात्रा निकल रही थी। रविवार सुबह 11 बजे यात्रा में बाइक सवारों के साथ पैदल चलने वालों की वजह से बड़ा चौराहा पर जैसे ही पहुंचे जाम लग गया।
इसी दौरान निरीक्षण पर निकले एसपी दीपक भूकर जाम में फंस गए। इस दौरान एक एंबुलेंस फंसे देख उन्होंने पहले उसके लिए रास्ता खोलवाया। इसके बाद सदर कोतवाली प्रभारी अवनीश सिंह की लोकेशन ली। पता चला कि वह खाना खा रहे हैं। एसपी का पारा चढ़ गया। सूचना मिलते ही कोतवाल आनन-फानन पहुंचे भी, लेकिन तब तक एसपी वहां से जा चुके थे।
देर शाम उन्होंने कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने आसीवन थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी दी है। वहीं अनावरण एवं विवेचना शाखा में रहे अरविंद कुमार पांडेय को आसीवन थाने भेजा है।