उन्नाव। बाइक सवार दो बदमाशों ने पैदल बाजार जा रहीं दो महिलाओं को बेहोश कर उनके साढ़े चार लाख कीमत के जेवर उतार लिए और भाग गए। घटना 14 मई की है। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश नजर आए हैं। उनकी पुरवा के मिर्री चौराहा तक लोकेशन मिली है। एक पंप पर बाइक में पेट्रोल भी भरवाया है।
सदर कोतवाली के मोतीनगर मोहल्ला निवासी उर्मिला पत्नी राकेश कुमार, रिश्तेदार पुष्पा पत्नी रमेश के साथ 14 मई को पैदल सदर बाजार जा रहीं थीं। उर्मिला के मुताबिक, वह लोग कृष्णा नगर पहुंचीं थीं तभी बाइक सवार दो युवकों ने रोका। एक युवक बड़ा चौराहा जाने का रास्ता पूछने लगा। इसी दौरान एक बदमाश ने रुमाल निकालकर चेहरे के सामने झटक दिया। इसके बाद वह दोनों लोग बेहोश हो गईं।
बदमाश ने उर्मिला के झाले, पैंडल सहित चेन, चांदी की अगूंठी और 1500 रुपये ले लिए। वहीं, पुष्पा के झाले, चेन लेकर चले गए। करीब एक घंटे बाद होश आने पर जेवर और नकदी गायब देख घटना की जानकारी हुई। लोगों की मदद से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच की तो सीसीटीवी कैमरे की एक फुटेज में बदमाश नजर आए। बाइक की नंबर प्लेट छिपाने के लिए पीछे की तरफ एक थैला लटका रखा था। कोतवाली प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी से लुटेरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।