नवाबगंज। दरेहटा गांव के पास बुधवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार चार बदमाशों ने सराफा व्यापारी को रोककर लूटने का प्रयास किया। बैग न देने पर बदमाशों ने उसकी हेलमेट और तमंचे की बट से पिटाई कर दी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अजगैन थानाक्षेत्र के दरेहटा गांव निवासी राजकिशोर सिंह का बेटा अमर लखनऊ के बंथरा में रहते हैं। उनकी गोमापुर में सराफा की दुकान है। बुधवार सुबह 10 बजे वह बाइक से दुकान जा रहे थे। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के दरेहटा गांव के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। अमर का आरोप है कि चारों उसका जेवर से भरा बैग छीनने का प्रयास कर रहे थे। विरोध किया तो हेलमेट और तमंचे की बट से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान लोगों को आता देख चारों असोहा की तरफ भाग निकले। अमर सिंह का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। बदमाशों का मकसद केवल लूटपाट करना था।
सोहरामऊ एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें बंथरा से लेकर घटनास्थल तक लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर चुकी हैं। असोहा मार्ग पर लगे सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। सीसीटीवी में मारपीट के दौरान दो युवकों के चेहरे सामने आए हैं।